बैंकाक। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को थाईलैंड की अपनी समकक्ष पैतोंगतार्न शिनावात्रा के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। पीएम मोदी आज छठे बिम्सटेक (बंगाल की खाड़ी बहु-क्षेत्रीय तकनीकी और आर्थिक सहयोग पहल) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए दो दिवसीय यात्रा पर थाईलैंड पहुंचे, जिसके बाद उन्हें ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। पीएम मोदी ने रामकियेन – थाई रामायण की मनमोहक प्रस्तुति भी देखी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, गार्ड ऑफ ऑनर के साथ विशेष औपचारिक स्वागत। थाईलैंड की प्रधानमंत्री ने आज बैंकॉक के गवर्नमेंट हाउस में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
उन्होंने कहा, “दोनों नेता भविष्य में भारत-थाईलैंड साझेदारी का मार्ग प्रशस्त करने के लिए व्यापक चर्चा करेंगे।” प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने बैंकॉक पहुंचने के बाद रामकियेन की प्रस्तुति देखी। पीएमओ ने कहा कि यह भारत और थाईलैंड के बीच समृद्ध सभ्यतागत संबंधों को प्रदर्शित करता है।
पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “एक अद्वितीय सांस्कृतिक जुड़ाव! थाई रामायण, रामकियेन की मनोरम प्रस्तुति देखी। यह वास्तव में शानदार अनुभव था, जिसमें भारत और थाईलैंड के बीच साझा सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को खूबसूरती से प्रदर्शित किया गया।” उन्होंने कहा, “रामायण वास्तव में एशिया के कई हिस्सों में दिलों और परंपराओं को जोड़ती है।”
Hindustan Times Latest & Breaking News Updates In Hindi