केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह नवंबर को देहरादून पहुंचेंगे। वह उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के समारोह में शामिल होंगे। पहले यह कार्यक्रम नौ नवंबर को प्रस्तावित था, लेकिन त्योहार को देखते हुए इसकी तिथि में बदलाव किया गया है। अब छह नवंबर को समारोह आयोजित किया जाएगा।
गृह मंत्री के दौरे को लेकर पुलिस और प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उनके आगमन और प्रस्थान के लिए रूट तय करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी मंथन किया जा रहा है। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों के बीच बैठकों का दौर शुरू हो गया है।
उत्तराखंड पुलिस के लिए राष्ट्रपति पुलिस कलर सम्मान प्राप्त करना महत्वपूर्ण उपलब्धि है। समारोह में गृह मंत्री की मौजूदगी को देखते हुए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए जाएंगे।
Hindustan Times Latest & Breaking News Updates In Hindi