रायपुर
छत्तीसगढ़ में आज मौसम का मिजाज फिर बदल गया है. प्रदेश के कई जिलों में आज मेघ गर्जन, तेज हवा के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तेज हवाएं, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश के साथ चार डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना जताई है. बुधवार को प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38.6°C दुर्ग में दर्ज किया गया.
पिछले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन, वज्रपात, तेज हवा के साथ ओलावृष्टि और हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई. मौसम विभाग ने कल प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मेघ गर्जन और तेज हवा के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना जताई है. वहीं 2 दिनों के बाद कुछ इलाकों में मेघ गर्जन और तेज हवा के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार है.
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अलग-अलग द्रोणिका और ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. सिक्किम से उत्तर उड़ीसा तक द्रोणिका 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है. एक द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश से गंगेटिक पश्चिम बंगाल तक छत्तीसगढ़ होते हुए 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. इसके अलावा दूसरा द्रोणिका पूर्वी मध्य प्रदेश से दक्षिण अंदरूनी कर्नाटक तक 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है. वहीं पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 1.5 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है.
रायपुर में मौसम का हाल
रायपुर शहर में आज आकाश मुख्यतः साफ रहने और दोपहर/शाम को आंशिक मेघमय रहने की संभावना है. अधिकतम 39°C और न्यूनतम तापमान 23°C के आसपास रहने की संभावना है.
Hindustan Times Latest & Breaking News Updates In Hindi