शिवहर । बिहार के शिवहर जिले में शुक्रवार को दिल को झंकझोर देने वाली एक घटना घटी। हर कोई इस घटना पर दुखी है और कहा रहा है कि ईश्वर को ऐसा नहीं करना चाहिए था। उस दुल्हन की क्या गलती थी कि ईश्वर ने 7 फेरों के 7 दिन बाद ही उसे दूल्हे से हमेशा के लिए दूर कर दिया।
दुल्हन की हाथों में लगी मेहंदी के रंग के उसी तरह से लाल हैं। मेहंदी की लालिमा ज्यों की त्यों है और विधाता ने उस रंग को बेरंग कर दिया। जो भी घटना सुन रहा है वह दुल्हन की किस्मत के साथ ही ईश्वर को भी कोस रहा है। दरअसल शिवहर में मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया जिससे घटनास्थल पर ही बाइक सवार की मौत हो गयी। यह घटना तरियानी थाना क्षेत्र के सलेमपुर चौक की है। इस घटना से मृतक के परिजनों के बीच कोहराम मचा हुआ है। पत्नी और घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस युवक की मौत हुई है वही दुल्हन का जीवन साथी था जिसकी शादी के 7 फेरे लेने के मात्र 7 दिन ही पूरे हुए थे। मृत युवक की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के मोतनाजे निवासी बिकाऊ सहनी के दामाद चंदन के रूप में हुई है। जो तरियानी थाना क्षेत्र के वृंदावन सपत्तोली निवासी लालजी सहनी का बेटा था। चंदन की शादी जगदीशपुर कोठिया में एक सप्ताह पहले हुई थी। वह अपनी पत्नी को विदा कराने के लिए बाइक से ससुराल आ रहा था। तभी मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक को रौंद दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची तरियानी थाने की पुलिस ने ट्रैक्टर और बाइक को जब्त कर लिया है। जबकि ट्रैक्टर का ड्राइवर घटना के बाद फरार हो गया। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुख्य सड़क को जाम कर दिया। पुलिस ने लोगों को समझा कर जाम खत्म कराया। बताया गया है कि ट्रैक्टर अवैध खनन में लगा हुआ था। ट्रैक्टर पर मिट्टी लदी थी। ट्रेक्टर ने उस दुल्हन के सुहाग को उजाड़ दिया। जिसकी शादी मात्र 7 दिन पहले हुई थी और उसकी मेहंदी के रंग भी फीके नहीं हुए थे। लोगों का कहना है कि दुल्हन भी सोच रही होगी कि विधाता ने न जाने किस गलती की उसे सजा दी है।
Hindustan Times Latest & Breaking News Updates In Hindi