शिक्षक दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के 19 शिक्षकों को वर्ष 2025 के शैलेश मटियानी राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने चयनित शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किए। इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका मंजूबाला को भी सम्मानित किया गया।
पुरस्कार पाने वाले शिक्षकों में प्रारंभिक शिक्षा के 12, माध्यमिक शिक्षा के छह और प्रशिक्षण संस्थान के एक शिक्षक शामिल हैं। राज्यपाल ने सभी पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों के शिक्षा के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की।
शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव : राज्यपाल
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिक्षकों का दायित्व केवल विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उनमें संस्कार, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने पुरस्कार प्राप्त करने वाले शिक्षकों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए बधाई दी।
शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को राज्य सरकार की ओर से प्रतिवर्ष शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार से सम्मानित किया जाता है। इस पुरस्कार के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट और नवाचारी कार्य करने वाले शिक्षकों के योगदान को सम्मान दिया जाता है।
इन शिक्षकों को मिला सम्मान
प्रारंभिक शिक्षा के तहत चमोली के विष्णुपाल सिंह नेगी, पौड़ी गढ़वाल के लखपत सिंह रावत, उत्तरकाशी के पृथ्वी सिंह रावत, देहरादून के बीरेंद्र सिंह रावत, हरिद्वार के रोबिन कुमार, टिहरी के महेश्वर प्रसाद सेमवाल, रुद्रप्रयाग के शशिकांत नौटियाल, चंपावत के जहीर अब्बास, ऊधमसिंह नगर के नौ सिंह, नैनीताल की डॉ. श्वेता, पिथौरागढ़ के विक्रम सिंह परिहार और अल्मोड़ा के त्रिलोक सिंह अधिकारी को पुरस्कार प्रदान किया गया।
अन्य शिक्षकों को भी मिलेगा प्रेरणा संदेश
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शैलेश मटियानी पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक अपने उत्कृष्ट कार्यों के माध्यम से प्रदेश के अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण, नवाचार और बेहतर प्रयासों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा सकता है।
Hindustan Times Latest & Breaking News Updates In Hindi